ग्राम रणसूरा में हुई सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, फरार आरोपी को लक्सर पुलिस ने दबोचा लक्सर ग्राम रणसूरा में मारपीट फायरिंग और बंधक बनाने की गंभीर घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को आखिरकार लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, लेकिन पुलिस टीमों की लगातार दबिश और सटीक रणनीति के चलते आरोपी को धर दबोचा गया। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी गुफरान पुत्र मुर्सलीम निवासी ग्राम रणसूरा ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि 13 मई 2026 को आरोपी अनीश और उसके साथियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उसके चाचा शौकीन पुत्र बरकत तथा चचेरे भाई शमशाद पुत्र याकूब पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों को गंभीर रूप से घायल करने के साथ जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की तथा उन्हें बंधक बनाकर घर में बंद कर मोबाइल फोन छीन लिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी लक्सर एवं प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा वैज्ञानिक व भौतिक साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश और सघन तलाश अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अनीश पुत्र सईद निवासी ग्राम रणसूरा को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के दिन से ही फरार चल रहा था।इस पूरे ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह उपनिरीक्षक दीपक चौधरी हेड कांस्टेबल विनोद कुमार हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश तथा कांस्टेबल हिमांशु चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सटीक कार्यशैली की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।




