देहरादून में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक विकास पार्टी की अहम बैठक, संगठन विस्तार पर हुआ मंथन देहरादून। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक विकास पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक काबली रोड स्थित जयका रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बल्लू वाल्मीकि ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार राज मुखिया मौजूद रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के विस्तार और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाना तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपना रहा। इसी क्रम में आशुतोष बड़ाक को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं चरणजीत सिंह को उत्तराखंड प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया और पहला सिंह राणा को प्रदेश मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।

इन नियुक्तियों की घोषणा होते ही बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत और समर्थन किया।इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार राज मुखिया ने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और संगठन तेजी से विस्तार की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान तीन नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता भी दिलाई गई, जो संगठन के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने नए सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।प्रदेश अध्यक्ष बल्लू वाल्मीकि ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।बैठक में राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी श्रीमती गीता देवी, नरेंद्र कुमार, अशोक कुमार, सोनिया देवी, कैलाश चंद्र, श्याम सिंह, श्रीमती प्रियंका देवी और श्रीमती प्रियंका बर्मन सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।बैठक के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से रणनीति तैयार की गई।




