रोशनाबाद में बारिश से सड़कों की हालत बदतर, जिम्मेदार चुप
जिला मुख्यालय से सटे रोशनाबाद गांव में हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गांव की मुख्य और आंतरिक सड़कें नदी का रूप ले चुकी हैं। जलभराव और गड्ढों के कारण काम पर जाने वाले लोगों और स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बहते पानी के कारण गड्ढे नजर नहीं आते और कई राहगीर फिसलकर घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्थिति की जानकारी बार-बार देने के बावजूद न तो ग्राम प्रधान और न ही कोई स्थानीय जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान कर रहा है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन अब सब “गूंगे-बहरे” बन गए हैं। प्रशासन और नेताओं की चुप्पी से जनता में आक्रोश है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि सड़कें और जल निकासी व्यवस्था लंबे समय से खराब हैं। बरसात ने समस्या को और बढ़ा दिया है। बच्चों के स्कूल जाने का रास्ता खतरनाक हो गया है और लोग रोज़ाना हादसों के डर में जी रहे हैं।
गांववासियों ने जिला प्रशासन और शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था तुरंत की जाए, अन्यथा वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।




