हरिद्वार पुलिस का डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान, मकान मालिकों पर होगी सख्ती।

। हरिद्वार।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के कड़े निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने रविवार सुबह जनपद में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया। अभियान के तहत पुलिस टीमें डोर-टू-डोर जाकर किरायेदारों, घरेलू नौकरों, फड़-ठेली संचालकों और होटल-ढाबों में काम करने वाले कर्मचारियों का सत्यापन कर रही हैं।
पुलिस का मानना है कि आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और संदिग्धों पर नजर रखने के लिए यह प्रक्रिया बेहद जरूरी है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि मकान मालिक यदि अपने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराते हैं तो उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। ऐसे मामलों में संबंधित मकान मालिकों पर चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किराएदारों और कर्मचारियों की जानकारी तुरंत थाने में दर्ज कराएं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का एक ठोस कदम है।
अभियान के दौरान कई इलाकों में पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर दस्तावेजों की जांच की और स्थानीय लोगों को जागरूक किया। पुलिस का यह भी कहना है कि इस सत्यापन से अपराधियों को छुपने का मौका नहीं मिलेगा और जनता खुद को सुरक्षित महसूस करेगी।




