ए ए एजुकेशनल सोसाइटी ने मदरसा हफ्सा लीलाबनात में लगाया फ्री मेडिकल कैंप
देवबंद/सहारनपुर
ए ए एजुकेशनल सोसाइटी, देवबंद द्वारा मदरसा हफ्सा लीलाबनात में एक फ्री चेकअप और दवाइयां वितरण कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में 185 बच्चों और बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें तीन दिन की मुफ्त दवाइयां प्रदान की गईं। सोसाइटी के महासचिव उमर फारूक ने बताया कि संगठन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि गरीब बस्तियों में हर सप्ताह फ्री मेडिकल कैंप लगाए जाएं, ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी इलाज से वंचित न रहे।” सोसाइटी इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहेगी। डॉ. उस्मान मसूद रमजी ने बताया कि मौसमी बदलाव के कारण बच्चों में एलर्जी, बुखार और जुकाम की समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बच्चों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए और पौष्टिक भोजन के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “भरपेट और संतुलित भोजन से इम्युनिटी मजबूत होती है, जो बीमारियों से लड़ने में मदद करती है।” कैंप में सोसाइटी के सदस्य मनाल उस्मानी, मोहम्मद नदीम, शाह फैसल और अन्य मौजूद रहे। मदरसा हफ्सा लीलाबनात के चेयरमैन कारी शकील अहमद ने सोसाइटी के महासचिव उमर फारूक को प्रशंसा पत्र प्रदान किया। कारी रहीमुद्दीन कासमी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कैंप की सफलता की सराहना की।




