Uncategorized

वंदना कटारिया स्टेडियम का नाम बदलने की कोशिश पर


वंदना कटारिया स्टेडियम का नाम बदलने की कोशिश पर
कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन lरोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम का नाम बदलने की चर्चाओं के बीच राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस फैसले का विरोध करते हुए कांग्रेस पार्टी ने आज प्रदर्शन किया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर सरकार से नाम न बदलने की मांग की। इस प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस नेता वरुण वालियान ने की, जिसमें पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, भगवानपुर विधायक ममता राकेश, कलियर विधायक फुरकान अहमद और कई अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाज़ी करते हुए सरकार पर वंदना कटारिया की उपलब्धियों को नज़रअंदाज़ करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि स्टेडियम का नाम बदलने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेगी।
कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत ने इस मुद्दे पर सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा वंदना कटारिया का नाम सिर्फ एक खिलाड़ी का नाम नहीं है, ये एक जज़्बे, संघर्ष और पहचान का प्रतीक है। वो लड़की जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया, आज उसके नाम को मिटाने की कोशिश की जा रही है। ये हरिद्वार की अस्मिता पर चोट है। अगर सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो हम बिल्कुल भी चुप नहीं बैठेंगे। जनआंदोलन होगा, और हम इसे हर हाल में रोकेंगे।”
रावत ने कहा कि सरकार की यह मंशा न केवल खेल भावना का अपमान है, बल्कि महिला खिलाड़ियों के हौसले को भी ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने इस लड़ाई को जनभावना की लड़ाई करार दिया।
भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने स्टेडियम का नाम बदलने को महिला सशक्तिकरण के खिलाफ बताया। उन्होंने कहाकि यह कोई मामूली नाम नहीं है, ये बेटियों के हौसले, मेहनत और आत्मसम्मान से जुड़ा मामला है। वंदना कटारिया ने पूरे देश को गौरव दिलाया, और आज उसी की पहचान को मिटाने की बात की जा रही है। सरकार को चेतावनी देते हैं—इस फैसले को जल्द से जल्द बदला जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम महिलाएं और जनसामान्य मिलकर सड़कों पर उतरेंगे, आंदोलन होगा और सरकार को झुकना पड़ेगा।”
ममता राकेश ने कहा कि यह संघर्ष सिर्फ वंदना के नाम के लिए नहीं, बल्कि भविष्य की हर बेटी के आत्मसम्मान के लिए है।
वरुण वालियान, जो इस विरोध की अगुवाई कर रहे हैं, ने सरकार को चेताया कि यह केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक और कानूनी लड़ाई भी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वंदना कटारिया पर न सिर्फ हरिद्वार बल्कि पूरे उत्तराखंड को गर्व है। ये नाम मेहनत, संघर्ष और सफलता की मिसाल है। जो लोग इस नाम को बदलने की साजिश रच रहे हैं, उन्हें बता दें कि ये हरगिज़ नहीं होने देंगे। हर स्तर पर इसका विरोध किया जाएगा—सामाजिक, राजनीतिक और कानूनी तौर पर भी। हरिद्वार की जनता इसके खिलाफ एकजुट है और ये नाम मिटाने वालों को करारा जवाब देगी।”
वालियान ने यह भी कहा कि स्टेडियम को वंदना के नाम से जोड़ना युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, और यह किसी भी हालत में बदला नहीं जाना चाहिए।
महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जन समर्थन जुटाने की रणनीति तैयार
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सरकार इस फैसले को तुरंत रद्द करे। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर नाम बदलने की कोशिश जारी रही, तो यह आंदोलन ज़िले से निकलकर राज्यभर में फैल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *