विश्वविद्यालय की छात्रा किरन ने जीता स्वर्ण पदक
अखिल भारतीय अन्तर विश्वविद्यालय शूटिंग प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि
हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की परम्परागत छात्रा किरन ने अखिल भारतीय अन्तर विश्वविद्यालय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्तकर स्वर्ण पदक जीता है।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के योग विभाग की छात्रा किरन ने मानव भारती विश्वविद्यालय फरीदाबाद हरियाणा में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। किरन की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दिनेश चन्द्र शास्त्री ,कुलसचिव गिरीश कुमार अवस्थी ,क्रीड़ा प्रभारी डॉ लक्ष्मीनारायण जोशी,क्रीड़ाधिकारी डॉ चंद्रशेखर शर्मा ने शुभकामनाएं दी हैं।
कुलपति प्रोफेसर दिनेश चन्द्र शास्त्री ने कहा कि छात्रा किरन की उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के गौरव की बात है । संस्कृत के परम्परागत छात्र छात्रायें हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्र देश के विश्वविद्यालयों की प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के लिए पदक जीत रहे हैं यह कम उपलब्धि नहीं है।
छात्रा किरन ने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ चंद्रशेखर शर्मा को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही वह स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब हुई है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष सागर खेमरिया,कोषाध्यक्ष अमन दुबे सहित अनेक छात्र छात्राओं ने किरन को बधाई दी।




