साबिर पाक की दरगाह पर चादरपोशी, अमन-चैन की दुआ के साथ इकराम हसन ने दिखाई सियासी ताकत
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में लक्सर विधानसभा से इकराम हसन की मजबूत दावेदारी का संदेश

पिरान कलियर। लक्सर विधानसभा से प्रत्याशी पद के दावेदार इकराम हसन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भीम आर्मी एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सभी ने दरगाह साबिर पाक पर चादरपोशी कर देश-विदेश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
कार्यक्रम में भीम आर्मी एकता मिशन के जिला अध्यक्ष हरिद्वार मनीष पीतपुरिया, रियाज, सत्येंद्र, अशोक, लक्सर विधानसभा प्रत्याशी इकराम हसन, सभासद राशिद, हाजी शमीम साबरी, प्रदेश अध्यक्ष भीम आर्मी एकता मिशन अमरीश कपिल, अजीम, नाजिम, साउल खान, अजीम राणा, अमजद अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दरगाह साबिर पाक पर चादरपोशी के बाद आयोजित कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक चर्चा हुई। इस दौरान इकराम हसन की लक्सर विधानसभा से मजबूत और प्रबल दावेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों ने कहा कि इकराम हसन लगातार क्षेत्र में लोगों के बीच सक्रिय हैं और आगामी चुनाव में उनकी दावेदारी को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय है। पार्टी नेतृत्व की ओर से जिस प्रत्याशी और जिस जिम्मेदारी का निर्णय लिया जाएगा, कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ उसके साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में मौजूद भीड़ को इकराम हसन की राजनीतिक सक्रियता और क्षेत्र में बढ़ते समर्थन के रूप में देखा गया।
इकराम हसन ने कहा कि लक्सर विधानसभा की जनता के सम्मान, अधिकार और क्षेत्र के विकास को लेकर वह पूरी मजबूती से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से समर्थकों ने साफ संदेश दिया कि लक्सर विधानसभा में इकराम हसन की दावेदारी को हल्के में नहीं लिया जा सकता और आने वाले चुनाव में वह एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आ सकते हैं।




