अल्पसंख्यक स्कूल्स विकास मंच की बैठक में FIRE NOC, NBC एवं विद्युत सुरक्षा मानकों पर हुई चर्चा

मुजफ्फरनगर। अल्पसंख्यक स्कूल्स विकास मंच (ASVM), मुजफ्फरनगर की आपातकालीन मासिक बैठक मदनी इंटरनेशनल हाई स्कूल, बागोवाली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष मरगूब इलाही ने की, जबकि संचालन मौलाना हाशिम त्यागी ने किया। महासचिव जहांगीर आलम ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए समय पर उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया।बैठक में FIRE NOC, NBC (नेशनल बिल्डिंग कोड) तथा विद्युत विभाग द्वारा विद्यालयों में की जाने वाली जांच एवं सुरक्षा मानकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने विद्यालय संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर पूर्ण रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।जिला समन्वयक शाहबाज़ खान ने अधिकारियों द्वारा जांच के दौरान मांगे जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए सभी विद्यालयों को अपने अभिलेख पूर्ण रखने की सलाह दी, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।मंच के उपाध्यक्ष डॉ. अरशद सम्राट ने कहा कि यदि किसी विद्यालय में जांच होती है तो संचालकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और यदि किसी दस्तावेज में कमी हो तो संबंधित अधिकारी से समय लेकर उसे शीघ्र पूरा करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक विद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है।अध्यक्ष मरगूब इलाही ने कहा कि यदि किसी विद्यालय को आवश्यक दस्तावेज या अनुमतियां प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो मंच हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने ASVM के बैनर तले सीरत-उन-नबी विषय पर दीनी प्रतियोगिता आयोजित करने के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे शीघ्र आयोजित कराने का आश्वासन दिया।महासचिव जहांगीर आलम ने संगठन के विस्तार और एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही विद्यालयों के अधिकारों की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी सदस्यों से मंच को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अल्पसंख्यक विद्यालयों के हित में मंच द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।बैठक में मरगूब इलाही, डॉ. अरशद सम्राट, मौलाना हाशिम, मौलाना उस्मान, जहांगीर आलम, शाहबाज़ खान, मौलाना इमरान सलमानी, मौलाना हाशिम त्यागी, मौलाना शाहनवाज़, इमरान सैफी, परवेज आलम, मौलाना आबिद, मौलाना शाहवेज़, मौलाना आसिफ, मौलाना समीर, मौलाना मेहरबान, मौलाना शहजाद, मौलाना रिजवान, मौलाना दिलशाद मिर्ज़ा, मौलाना शाहरुख, नजमुस्सहर, मौलाना नाज़िम, नवाब आलम, मौलाना इमरान (निराना) तथा नदीम अहमद सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




