मुजफ्फरनगर में गणतंत्र दिवस का अनोखा जश्न, ओपीडी छोड़ गांव पहुंचे जिले के टॉप 8 डॉक्टर, 1200 मरीजों को मुफ्त चेकअप के बाद दी दवाईयां
मुजफ्फरनगर में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का जश्न इस बार बहुत अलग और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया गया। जिले के 8 नामचीन प्राइवेट डॉक्टर्स ने मिलकर शाहपुर ब्लॉक के ऐतिहासिक सोरम गांव में विशाल मुफ्त चिकित्सा शिविर लगाया।
यह शिविर पूर्व ग्राम प्रधान शिवचरण के आवास पर आयोजित किया गया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ शिविर दोपहर 3 बजे तक चला। महज कुछ घंटों में डॉक्टर्स और उनकी टीम ने 1200 से अधिक मरीजों का चेकअप किया और उन्हें मौके पर ही मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराईं।
टॉप डॉक्टर्स की टीम और उनकी भूमिका
शिविर में जिले के जाने-माने विशेषज्ञ डॉक्टर्स ने अलग-अलग कैंप लगाए। हर कैंप में मरीजों का चेकअप, सलाह और दवाई का वितरण हुआ।
शिविर में शामिल डॉक्टर्स:
डॉ. गौरव कुमार निर्वाल, सर्जन (निर्वाल हॉस्पिटल, सरकुलर रोड)
डॉ. विकास कुमार, फिजिशियन (कुसुम हॉस्पिटल, एटूजेड रोड)
डॉ. नीति चतुर्वेदी, जच्चा-बच्चा एवं महिला रोग विशेषज्ञ (निर्वाल हॉस्पिटल)
डॉ. आशीष बालियान, बाल रोग विशेषज्ञ (नवजीवन हॉस्पिटल)
डॉ. अरविंद मोगा, हड्डी रोग विशेषज्ञ (आनंद हॉस्पिटल, भोपा रोड)
डॉ. वासू तायल, दंत रोग विशेषज्ञ (डेंटल क्लीनिक, साउथ सिविल लाइन)
डॉ. अनिल कुमार (आरोग्य पैथलैब एंड एसडी मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक)
डॉ. रोहित गोयल, आंख रोग विशेषज्ञ (आईक्यू हॉस्पिटल, कोर्ट रोड)
1200+ मरीजों का मुफ्त इलाज और दवाई
शिविर में हर तरह के मरीज पहुंचे जैसे बुखार, सर्दी-खांसी से लेकर गंभीर बीमारियां। डॉक्टर्स ने न केवल जांच की, बल्कि मौके पर दवाइयां भी दीं। 50 ऐसे मरीज भी आए जिनका मौके पर उपचार संभव नहीं था। इनमें आंख और पेट के मरीज शामिल थे। इन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई और आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया।
ब्लड डोनेशन और डॉक्टर्स का योगदान
शिविर में दर्जनों लोगों ने ब्लड डोनेट किया। खुद डॉक्टर्स ने भी आगे बढ़कर ब्लड दिया, जिनमें डॉ. आशीष बालियान भी शामिल रहे। शिविर में दो एंबुलेंस भी तैनात की गईं, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।




