Uncategorized

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा फलौदा, शेरपुर एवं पुरकाज़ी ब्लॉक के खादर क्षेत्र का औचक निरीक्षण

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा फलौदा, शेरपुर एवं पुरकाज़ी ब्लॉक के खादर क्षेत्र का औचक निरीक्षण

मुज़फ्फरनगर, 8 अगस्त 2025
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फलौदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शेरपुर तथा पुरकाज़ी ब्लॉक के खादर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, रजिस्टरों का रखरखाव, स्टाफ की उपस्थिति तथा उपकरणों की कार्यशील स्थिति का गहन अवलोकन किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फलौदा में नवीन रूप से प्राप्त एक्स-रे मशीन का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि मशीन का इंस्टॉलेशन कार्य शीघ्र पूर्ण कर इसे तत्काल चालू किया जाए, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर एक्स-रे सुविधा उपलब्ध हो सके और उन्हें अन्य स्थानों पर न जाना पड़े।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शेरपुर में दवाइयों के स्टॉक, मरीज पंजीकरण, स्टाफ उपस्थिति, स्वच्छता एवं उपकरणों की स्थिति की जांच की गई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से प्रदान की जाएं।

इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पुरकाज़ी ब्लॉक के खादर क्षेत्र, जो बाढ़ग्रस्त इलाका है, का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा बाढ़ से प्रभावित लोगों को समयबद्ध एवं पर्याप्त चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित टीमों को राहत कार्यों में तत्परता और समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के उपरांत डॉ. तेवतिया ने कहा, “स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध एवं मानक के अनुरूप उपचार मिलना चाहिए। साफ-सफाई, उपकरणों के रखरखाव तथा दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार हेतु आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएंगे।

इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *