हरिद्वार में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, घाटों की काई हटाकर किया जा रहा साफ-सफाई अभियान


हरिद्वार, आगामी श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। यात्रा के दौरान लाखों कांवड़िए गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार पहुंचते हैं, जिसको देखते हुए नगर निगम और प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
हरकी पैड़ी सहित तमाम प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। गंगा घाटों पर जमी काई को हटाने का कार्य जारी है ताकि श्रद्धालुओं को फिसलन से बचाया जा सके। नगर निगम कर्मी लगातार घाटों की धुलाई और चूना छिड़काव का कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं।
नगर आयुक्त ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। गंगा जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि घाटों पर सावधानी से चलें, गंदगी न फैलाएं और नियमों का पालन करें। आने वाले दिनों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मॉक ड्रिल और समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं
रिपोर्ट हिंदी समाचार प्लस




