सेवा पखवाड़ा शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 480 लोगों ने सुनीं जनसमस्याएं और जानीं सरकारी योजनाएं
खानपुर विकास खण्ड खानपुर सभागार में शनिवार को सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत आयोजित जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन उपकार्यक्रम अधिकारी मनरेगा सुबोध उनियाल एवं सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) अंशुल राठी ने किया। इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी आलोक गार्ग्य, सहायक खण्ड विकास अधिकारी जगेन्द्र सिंह राणा, सहायक खण्ड विकास अधिकारी बिलेश्वर पंत तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मेघराज सिंह ने पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। वहीं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग की योजनाओं, पात्रता एवं लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शिविर में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, उत्तराखण्ड प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवयानी सिंह, उत्तराखण्ड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश नेता देवी सिंह राणा ने भी सहभागिता करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 480 लोगों की उपस्थिति रही। शिविर के दौरान जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याएं भी दर्ज की गईं और संबंधित विभागों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर पारदर्शी एवं प्रभावी सेवा सुनिश्चित करना है।




