ऑपरेशन प्रहार में हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन, 432 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ्तार
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई, गंगनहर पुलिस की सतर्कता से मिली सफलता
रुड़की जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 432 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को मुर्गी फार्म तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को भागने का प्रयास करते देखा। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी की पहचान सुहैल पुत्र जुल्फकार, निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से Dicyclomine Hydrochloride, Tramadol Hydrochloride एवं Acetaminophen युक्त 432 कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा खरीदने और बेचने वाले पूरे गिरोह पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को एसएसपी नवनीत सिंह की अपराध एवं नशा तस्करी के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है। गंगनहर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवाण हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार तथा कांस्टेबल देवेश कुमार शामिल रहे जिनकी सक्रियता से यह सफलता मिली।




