Uncategorized

भारी बारिश के बीच हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, डूबने और सड़क हादसे में दो की मौत, लंढौरा में मकान ढहा

भारी बारिश के बीच हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, डूबने और सड़क हादसे में दो की मौत, लंढौरा में मकान ढहा
हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने जनपद की ताज़ा स्थिति रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि फिलहाल सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सामान्य हैं और सभी विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, 10 जुलाई को खानपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास तालाब में नहाने के दौरान ग्राम लालचंदवाला निवासी समद (16 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने शव को बरामद कर स्थानीय पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दिया।


इसी दिन सिडकुल थाना क्षेत्र में राजा बिस्कुट फैक्ट्री के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में रिशु (17 वर्ष), निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना सिडकुल पुलिस को दी गई।
वहीं, लंढौरा की रविदास बस्ती में भारी बारिश के कारण एक मकान की दीवार धंसने से छत गिर गई। हादसे में शाहिस्ता (25), आयशा (10), अलतमास (35) और गरीवनी (70) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है।
11 जुलाई को खानपुर क्षेत्र में बाण गंगा नदी के बीच कुछ ग्रामीण और उनके मवेशी फंस गए थे। सूचना मिलने पर स्थानीय आपदा मित्र कुलदीप कुमार और ओमप्रकाश ने साहस का परिचय देते हुए सभी लोगों और मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) अधिकारियों के अनुसार जनपद के सभी प्रमुख मार्ग, संपर्क मार्ग और पुल सुरक्षित हैं तथा यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भारी वर्षा को देखते हुए सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और जिला स्तरीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुग्रह सहायता और अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *