इंस्टाग्राम की एक फोटो ने खोला लाखों की चोरी का राज, एक साल बाद घरेलू सहायिका गिरफ्तार
देहरादून। एक साल पहले रहस्यमय तरीके से गायब हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के आभूषणों की गुत्थी आखिरकार इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक तस्वीर से सुलझ गई। घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली महिला ने चोरी के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे का हार पहनकर फोटो साझा कर दी। यही तस्वीर उसके लिए सबसे बड़ा सबूत बन गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी गए अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए।राजपुर थाना क्षेत्र स्थित आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के महंगे आभूषण गायब हो गए थे। उन्हें लगा कि शायद उन्होंने आभूषण कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे। इसी भ्रम के कारण उन्होंने उस समय चोरी की आशंका नहीं जताई।कुछ दिन पहले परिचितों ने उन्हें इंस्टाग्राम पर एक महिला की फोटो दिखाई, जिसमें वह हीरे का वही हार पहने दिखाई दे रही थी जो उनके घर से गायब हुआ था। फोटो देखने पर महिला की पहचान उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज कराया।एसएसपी की रणनीति से खुला मामलावरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और शुक्रवार को जोहड़ी रोड से विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए हीरे व सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।पूछताछ में कबूला जुर्मपूछताछ में विमला ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे गहनों को देखकर उसके मन में लालच आ गया। मौका मिलने पर उसने हीरे और सोने के आभूषण चुरा लिए। घर की मालकिन का भरोसा जीतने के लिए उसने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे। चोरी के बाद उसने कई बार आभूषण बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।यह सामान हुआ बरामदपुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कारइस सनसनीखेज चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट, उपनिरीक्षक अनित कुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति पवार, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित और एसओजी के हेड कांस्टेबल किरण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




