दार्जिलिंग में लक्सर के शगुन ने फहराया उत्तराखंड का परचम, बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स में जीता गोल्ड मेडल

लक्सर/रायसी। हर्ष विद्या मंदिर पी.जी. कॉलेज रायसी के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट शगुन कुमार ने अपनी प्रतिभा, साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यकुशलता का परिचय देते हुए महाविद्यालय, हरिद्वार जनपद एवं उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित प्रतिष्ठित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई) में आयोजित बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स (बीएमसी) में शगुन कुमार ने सभी प्रतिभागी कैडेटों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अर्जित किया।प्रशिक्षण के दौरान शगुन कुमार ने पर्वतारोहण, रॉक क्राफ्ट, एडवेंचर गतिविधियों तथा विभिन्न व्यावहारिक प्रशिक्षणों में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और समर्पण ने उन्हें कोर्स का सर्वश्रेष्ठ कैडेट बनाकर गोल्ड मेडल दिलाया।शगुन कुमार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. के.पी. सिंह, प्राचार्य प्रो. आदित्य गौतम, एनसीसी इकाई तथा समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी वर्ग ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल शगुन की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि महाविद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण, अनुशासित प्रशिक्षण और विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करने वाली कार्यसंस्कृति का भी परिणाम है।महाविद्यालय प्रबंधन ने सदैव विद्यार्थियों को खेल, एनसीसी, सांस्कृतिक एवं साहसिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। शिक्षकों एवं स्टाफ के मार्गदर्शन और सहयोग से ही छात्र राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शगुन कुमार की सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हर्ष विद्या मंदिर पी.जी. कॉलेज प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त मंच है।महाविद्यालय परिवार ने शगुन कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी सफलता के नए आयाम स्थापित कर संस्थान, जनपद और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।



