महिलाओं की आजीविका सशक्तिकरण हेतु वैल्यू चेन आटा चक्की का उद्घाटन संपन्न l

विकास खंड नारसन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मखदुमपुर नारी शक्ति सीएलएफ में महिलाओं की आजीविका को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वैल्यू चेन आधारित आटा चक्की का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी पवन सिंह सैनी जी द्वारा किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की ब्लॉक टीम, ग्रामोत्थान रीप टीम, सीएलएफ स्टाफ, समाज कल्याण विभाग, क्षेत्रीय मीडिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी पवन सिंह सैनी जी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐसे आजीविका आधारित उद्यम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने महिलाओं को समूह आधारित व्यवसायों से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वैल्यू चेन आटा चक्की जैसी इकाइयां ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी तथा महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। बैठक में एनआरएलएम टीम द्वारा विभिन्न आजीविका गतिविधियों, समूह प्रबंधन, वित्तीय समावेशन एवं उद्यम विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। ग्रामोत्थान ब्लॉक टीम ने भी महिलाओं को व्यवसाय संचालन, विपणन एवं आयवर्धन के विभिन्न पहलुओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं की आर्थिक उन्नति एवं सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।




