बहादराबाद में अवैध खनन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस को हलवाहेड़ी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर खनन में लगे लोग मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने खनन सामग्री से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ लीं।वाहनों की जांच के दौरान चालक खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया और मामले की रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दी।चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी हालत में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। शासन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अवैध खनन से पर्यावरण और सड़कों को नुकसान पहुंचता है। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे मामलों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी, कांस्टेबल चंदन सिंह, कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा और होमगार्ड अभिषेक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




