रायसी (हरिद्वार) — युवा शक्ति ने दिखाई समाज सुधार की मिसाल!हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज की NSS इकाई का विशेष शिविर जोरों पर, तीसरे दिन ग्रामीणों में फैलाई जागरूकता की लहर
लक्सर (फ़रमान खान) हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज रायसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम कुड़ी नैतवाला में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर का तीसरा दिन उत्साह और जन-जागरूकता से भरपूर रहा। स्वयंसेवकों ने गांव की गलियों में निकाली जोरदार रैली, जिसमें नारे गूंजे—“नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “पढ़ेगी बेटी, बढ़ेगा देश”, “शिक्षा है अधिकार हमारा” और “स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज”। रैली के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को नशा मुक्ति, बेटी पढ़ाओ, महिला साक्षरता, स्वच्छता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया। गांव के प्रमुख मार्गों और गलियों से गुजरते हुए युवाओं का जज्बा देख ग्रामीण भी प्रभावित हुए। शिविर के बौद्धिक सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. के. पी. तोमर (पूर्व NSS कार्यक्रम अधिकारी एवं शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष) ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ. तोमर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा,“NSS का मतलब सिर्फ सेवा नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व और सेवा-भावना का विकास है। ऐसे शिविरों से ग्रामीण समाज में स्थायी बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक, महिला साक्षरता और रोजगार सर्वेक्षण जैसे कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाएं। ग्राम कुड़ी नैतवाला की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रीना देवी ने कॉलेज के प्रयासों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा,ऐसे कार्यक्रम गांव वालों में जागरूकता लाते हैं और युवाओं को समाज सेवा की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अतुल कुमार दुबे और डॉ. विनीता ने बताया कि पहले सत्र में रैली के जरिए सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाई गई, जबकि दूसरे सत्र में NSS के उद्देश्यों और स्वयंसेवकों के कर्तव्यों पर गहन चर्चा हुई। शिविर में शामिल सभी स्वयंसेवकों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे “Not Me But You” के मूल मंत्र को जीवन में उतारते हुए समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।यह शिविर न केवल कॉलेज के युवाओं की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शा रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की एक नई उम्मीद भी जगाए हुए है। शिविर के अगले दिनों में और भी रोचक एवं प्रभावी कार्यक्रम होने की उम्मीद है।हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज एक बार फिर साबित कर रहा है कि शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।




