lसड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती: परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 312 चालान व 51 वाहन सीज। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

यह अभियान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तथा आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार द्वारा किया गया, जिसमें परिवहन विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न मार्गों और चौराहों पर सघन जांच की।संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 और 25 फरवरी को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 312 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर मामलों में 51 वाहनों को सीज किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना रहा।चेकिंग अभियान के दौरान निजी, व्यावसायिक और यात्री वाहनों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही 50 से अधिक स्कूल वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई, जिनमें सुरक्षा मानकों, वैध दस्तावेजों, फिटनेस, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशामक यंत्र और अन्य अनिवार्य उपकरणों का सत्यापन किया गया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।जांच के दौरान कई तरह के उल्लंघन सामने आए। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 51 मामले पाए गए, जबकि बिना टैक्स जमा किए वाहन संचालन के 52 और बिना परमिट के 28 मामले दर्ज किए गए। प्राथमिक उपचार किट न होने के 22 तथा अग्निशामक यंत्र के अभाव के 15 मामले सामने आए। इसके अतिरिक्त यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 8 और अन्य ओवरलोडिंग के 15 मामले पाए गए। अभियान के दौरान अवयस्क द्वारा वाहन चलाने के 2 मामले तथा शराब पीकर वाहन चलाने का 1 मामला भी पकड़ा गया, जिन पर सख्त कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। वाहन संचालन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा उपकरण और मानकों का पालन न करने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।




