Uncategorized

अपराध पर जीरो टॉलरेंस का संदेश: कप्तान नवनीत सिंह की सख्त अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी, परफॉर्मेंस के आधार पर तय होगी जिम्मेदारी

lअपराध पर जीरो टॉलरेंस का संदेश: कप्तान नवनीत सिंह की सख्त अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी, परफॉर्मेंस के आधार पर तय होगी जिम्मेदारी

lजनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सभागार के कॉन्फ्रेंस हॉल में 25 फरवरी 2026 को सैनिक सम्मेलन के उपरांत माह जनवरी की अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने की। बैठक में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी सिटी, एसपी देहात सहित जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे।अपराध गोष्ठी के दौरान कप्तान नवनीत सिंह ने सख्त तेवर अपनाते हुए स्पष्ट किया कि अब जिम्मेदारी केवल पद के आधार पर नहीं, बल्कि अधिकारी और कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर तय की जाएगी। उन्होंने जिले में हाल के समय में घटे जघन्य अपराधों के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है। पुलिस की प्राथमिकता अपराध को होने से पहले रोकने की होनी चाहिए। इसके लिए सतर्कता, गश्त और सूचनातंत्र को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है।कप्तान ने प्रचलित रमजान माह और आगामी होली व ईद जैसे पर्वों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बहानेबाजी नहीं चलेगी। थाना प्रभारियों को चेतावनी दी गई कि यदि उनके क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ती है तो उसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी और कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। संवेदनशील इलाकों में शांति समिति की बैठकें कर सभी समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों से संवाद और सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।अपराध गोष्ठी में आगामी चारधाम यात्राओं की तैयारियों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। कप्तान ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार जनपद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, इसलिए पूर्व तैयारियां समय रहते पूरी होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, ट्रैफिक प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवश्यक सूचना बोर्ड, दिशा और दूरी संबंधी संकेतक तथा अन्य सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर सेल हरिद्वार के कार्यों पर कप्तान ने संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही और बेहतर व त्वरित रिस्पांस देने के लिए प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं, ऐसे में तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।मुख्यालय स्तर पर चल रहे विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए कप्तान ने कुछ अधिकारियों और टीमों के अच्छे कार्यों की सराहना की, वहीं अपेक्षित परिणाम न देने वालों को फटकार भी लगाई। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और शिकायत प्रकोष्ठ से संबंधित प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास बना रहे।आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए फायर सर्विस की तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। कप्तान ने सभी फायर स्टेशन अधिकारियों को आग लगने की घटनाओं में रिस्पांस टाइम की नियमित जांच करने और उसमें आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थितियों में कुछ मिनटों की देरी भी जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है।नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों पर कप्तान नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि केवल नशा पकड़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके नेटवर्क और जड़ों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है और आज का युवा ही देश का भविष्य है, इसलिए उसे इस दलदल से बचाना पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। इसके साथ ही वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने, नियमित चेकिंग अभियान और कॉलोनी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *