दिनदहाड़े लूट प्रकरण पर कांग्रेस और जाट महासभा ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल
हरिद्वार। शिवालिक नगर में भेल रिटायर्ड कर्मचारी व कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गुलबीर सिंह के घर दिनदहाड़े हुई लूट को लेकर कांग्रेस और जाट महासभा के पदाधिकारियों ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता कर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
प्रदेश महासचिव वरुण बालियान और मुरली मनोहर ने कहा कि पुलिस ने कुछ अपराधियों को गिरफ्तार तो किया, लेकिन उनमें से एक आरोपी के बयान को बिना जांच के सार्वजनिक कर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष की साख पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। आरोपियों से बरामदगी भी अधूरी रही और पीड़ित को आंशिक माल लौटाकर मामले को बंद करने की कोशिश की गई। उन्होंने मांग की कि लूट का सामान तुरंत बरामद किया जाए, सभी अपराधियों व मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो।
महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और पूर्व विधायक रामयश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आमजन भय में जी रहा है और महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वहीं कांग्रेस नेताओं महेश प्रताप राणा और मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हो रही आपराधिक घटनाओं में भाजपा नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
प्रेस वार्ता में अम्बरीष कुमार, सोम त्यागी, डी.के. चौधरी, गुलबीर सिंह, विनोद मलिक, तुषार चौधरी, मयंक त्यागी, सतेंद्र वर्मा, निशांत त्यागी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




