ग्राम अजीतपुर-जिया पोता में पोषण मिशन पर चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ, महिलाओं और बच्चों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर l

राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता को गति देने के लिए भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक शाखा देहरादून द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 सितम्बर से ग्राम अजीतपुर और जिया पोता में दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के तहत हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की विधायक अनुपमा रावत ने पोषण मिशन पर आधारित एग्ज़ीबिशन (चित्र प्रदर्शनी) का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां पोषण संबंधी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शुभारंभ अवसर पर विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि महिला समाज की नींव हैं और बच्चे देश का भविष्य। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार योजनाएं चला रही हैं, जिससे स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव हो रहा है। उन्होंने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीणों से इस अभियान से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो प्रादेशिक कार्यालय देहरादून के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी एन.एस. नयाल ने किया। इस अवसर पर ग्राम अजीतपुर के प्रधान प्रखर कश्यप, ग्राम जिया पोता के प्रधान कृष्णपाल, समाजसेवी डॉक्टर विजेंद्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व राज्य मंत्री नाग सिंह कश्यप, दिनेश कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जन-जागरूकता अभियान के दौरान हेल्दी बेबी शो भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विधायक अनुपमा रावत ने पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही, ग्राम अजीतपुर और जिया पोता के विभिन्न विद्यालयों में पोषण मिशन पर आधारित चित्रकला, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुरस्कार हासिल किए।



