गंगा नदी से भारी भूमि कटान, लालपुर सौजिमल के किसान संकट में
बिजनौर। ग्राम पंचायत लालपुर सौजिमल के जंगल में इस वर्ष गंगा नदी ने जबरदस्त भूमि कटान किया है, जिससे गांव के किसानों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। अब तक गंगा नदी लगभग 700 बीघा जंगल का कटान कर चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन गंगा की धारा में समा चुकी है। पीड़ित किसानों में नौशाद अली, कासिम, सईद, जमीर, महमूद, हनीफ, जाखिर, मुन्ने काजी, तासीर, अहसान अली, शाहरूख, गंगाराम और रामशरण सहित कई परिवार शामिल हैं, जो अपनी मेहनत की कमाई से खेती कर जीवनयापन करते थे।
किसानों ने आरोप लगाया कि न तो शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही क्षेत्र के विधायक और सांसद कोई पहल कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि गंगा किनारे तत्काल बोल्डर स्टोन लगवाए जाएं ताकि भूमि कटान पर रोक लग सके।
किसानों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में पूरा जंगल और आसपास की कृषि भूमि गंगा में समा जाएगी, जिससे ग्रामीणों का जीवन और भी संकट में पड़ जाएगा।




