संस्कृत विश्वविद्यालय में ‘तिरंगा मानव श्रृंखला’ का आयोजन
हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत “हर घर तिरंगा कार्यक्रम-2025” के तीसरे दिन ‘तिरंगा मानव श्रृंखला निर्माण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शास्त्री व शिक्षा शास्त्री बी.एड प्रथम व द्वितीय वर्ष के करीब 60 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को केसरिया, सफेद और हरे रंग की पट्टिकाओं के साथ तीन पंक्तियों में खड़ा किया गया। ‘वंदे मातरम्’ व ‘भारत माता की जय’ के नारों और समूह गान से परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रकाश चंद्र पंत ने बताया कि भारत सरकार की पहल पर वर्ष 2022 से देशभर में आज़ादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके तहत उत्तराखंड सरकार ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सह-संयोजिका श्रीमती मीनाक्षी सिंह रावत ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में राष्ट्रभक्ति और समर्पण की भावना प्रबल होती है।




