हरिद्वार में सड़क सुरक्षा को लेकर हुई अहम बैठक, सांसद डॉ. नरेश बंसल ने दिए निर्देश
हरिद्वार, 24 मई 2025 – शनिवार को मेला नियंत्रण भवन में राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने सांसद का स्वागत पौधा भेंट कर किया।
बैठक में सांसद डॉ. बंसल ने कहा कि भले ही सड़कों का विकास हो रहा है और शहरों के बीच दूरी घट रही है, लेकिन दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता बढ़ाई जाए। एनजीओ, लायंस क्लब, रोटरी क्लब और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से लोगों में जागरूकता फैलाई जाए। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं और छात्रों को ट्रैफिक नियंत्रण से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क बनाने और उसे खोदने वाले विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि बार-बार सड़कों की खुदाई न हो। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि आगामी बैठकों में सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ भाग लें।
सांसद ने अपील की कि दुर्घटनाओं में घायलों की मदद की जाए और अस्पताल पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि मदद करने वाले व्यक्ति से पूछताछ नहीं की जाएगी।
सड़कों पर गति सीमा के साइन बोर्डों की संख्या बताने और शराब की दुकानों के बाहर वाहनों की सही पार्किंग के लिए सुरक्षा गार्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी विभागों को पूरे वर्ष की योजना बनाकर समन्वय से काम करने को कहा गया।
सांसद ने अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, खासकर उन जगहों पर जहां अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। सिडकुल और स्कूलों के समय में बदलाव तथा डंपर व ट्रॉली जैसे भारी वाहनों पर स्कूल समय में रोक के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक सबसे ज्यादा 43 दुर्घटनाएं हुईं जिनमें 28 लोगों की जान गई। दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाएं ज्यादा रही। जिलाधिकारी ने इसी समय अधिक ध्यान देने को कहा। वहीं हिट एंड रन के 37 मामलों में 27 लोगों की मौत हुई।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को 1 जून से 26 जून तक चल रहे नशा मुक्ति अभियान को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
एआरटीओ केसी पलारिया ने जानकारी दी कि हाईवे से जुड़ी छोटी सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, मिरर और स्टॉप लाइन लगाई गई है और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है।
बैठक के अंत में वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वाले 11 वॉलंटियर्स को सांसद द्वारा सम्मानित किया गया। पद्मश्री डॉ. बीके एस संजय ने भी अपने विचार रखे। इसके बाद सांसद ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, एसपी सिटी पंकज गैरोला समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




