डीएम की छापेमारी से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप, 8 कर्मियों पर कार्रवाई

रुड़की, 13 दिसंबर 2024 – जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने आज जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में औचक निरीक्षण कर अनुशासनहीनता पर सख्त कदम उठाए। इस दौरान कुल 8 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनका वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
सुबह 10:05 बजे एआरटीओ कार्यालय से शुरू हुए निरीक्षण में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और आगंतुक रजिस्टर व्यवस्थित पाया गया। इसके बाद तहसील परिसर के विभिन्न कार्यालयों में छापेमारी की गई, जहां क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति कार्यालय में 5, नजारत अनुभाग में 2 और चकबंदी कार्यालय में 1 कर्मी अनुपस्थित मिले।
इसके पश्चात डीएम ने नगर पंचायत झबरेड़ा का दौरा किया। निरीक्षण में अधिशासी अधिकारी समेत 2 कर्मी संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय जाने की बात कहकर अनुपस्थित मिले, जिसकी पुष्टि दूरभाष के माध्यम से की गई। डीएम ने नगर पंचायत को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था सुधारने, कूड़े का उचित निस्तारण करने, और सफाईकर्मियों के रोस्टर नियमित बदलने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अवकाश स्वीकृत कराए बिना अनुपस्थित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता के कार्यालय पहुंचने से पहले सभी को निर्धारित समय पर उपस्थित रहना अनिवार्य है। डीएम ने भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विकास अवस्थी और मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




