बसपा के जोन कोऑर्डिनेटर डॉ. नाथीराम ने दिया इस्तीफा
प्राथमिक सदस्यता समेत पार्टी के सभी पदों से त्यागपत्र, प्रदेश अध्यक्ष को भेजा पत्र
लक्सर बहुजन समाज पार्टी के संगठन में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी के जोन कोऑर्डिनेटर पौड़ी गढ़वाल डॉ. नाथीराम ने बहुजन समाज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत अपने सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित करते हुए सौंपा है।
प्रदेश अध्यक्ष को भेजे त्यागपत्र में डॉ. नाथीराम निवासी सुल्तानपुर कुन्हारी ने लिखा है कि वह वर्ष 1985 से बहुजन समाज पार्टी से जुड़े हुए हैं और पार्टी के सिद्धांतों, विचारों तथा बहुजन समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य करने का अवसर उन्हें मिला। इसके लिए उन्होंने पार्टी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने पत्र में कहा कि वर्तमान राजनीतिक स्थिति, पार्टी की वर्तमान दिशा, संगठनात्मक स्थिति और कार्यशैली से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उन्होंने अपनी राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए लिया है।
डॉ. नाथीराम ने प्रदेश अध्यक्ष से उनका त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इसके लिए वह सदैव पार्टी के आभारी रहेंगे। त्यागपत्र के अंत में उन्होंने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ का उल्लेख करते हुए जय भीम, जय भारत और जय बहुजन लिखा है।




