किसान गोष्ठी में छलका किसानों का दर्द, अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं गन्ने की खेती से जुड़ी समस्याओं पर मंथन, किसानों ने रखीं अपनी पीड़ा और सुझाव
लक्सर टीकमपुर-सुल्तानपुर स्थित सेंट जेपी कॉन्वेंट स्कूल में किसान गोष्ठी एवं स्वागत संदेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों ने गन्ने की खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपनी परेशानियों को गन्ना विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सामने प्रमुखता से रखा। किसानों ने समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में गन्ना राज्यमंत्री श्यामवीर सिंह सैनी समेत गन्ना विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने खेती की बढ़ती लागत, गन्ने से संबंधित समस्याओं तथा किसानों के सामने आ रही अन्य दिक्कतों को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने किसानों की बात सुनी और समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवीर बसेड़ा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष लक्सर अंबरीश गर्ग, मास्टर कुशलपाल सैनी, बाबूराम सैनी, देवी सिंह, स्कूल प्रबंधक लाल सिंह सैनी और ईश्वर सिंह सैनी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रमवीर सैनी ने की। वक्ताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना जरूरी है। गोष्ठी में किसानों और विभागीय अधिकारियों के बीच संवाद को कृषि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।




