सड़क हादसे के पीड़ितों को मिलेगा कैशलेस इलाज, PM-RAHAT योजना के प्रचार पर जोर

हरिद्वार, 9 सितंबर। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को जल्द और कैशलेस इलाज दिलाने के लिए संचालित PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को CCR में बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और जिला सूचना विभाग को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि दुर्घटना में घायल व्यक्ति समय पर इलाज का लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अस्पतालों में फ्लेक्स और बैनर लगाकर योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र दुर्घटना पीड़ित योजना के लाभ से वंचित न रहे।




