शिक्षा शास्त्र विभाग में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस l
उत्तराखंड विश्वविद्यालय, हरिद्वार के शिक्षा शास्त्र विभाग द्वारा शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं माँ भगवती की आराधना के साथ हुआ। तत्पश्चात शिक्षक दिवस के प्रेरणास्रोत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।कार्यक्रम में छात्राध्यापकों एवं छात्राध्यापिकाओं ने गीत, कविता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु के प्रति सम्मान व्यक्त किया। प्रोफेसर बिंदुमती द्विवेदी, प्रोफेसर अरविंद नारायण मिश्र, मीनाक्षी सिंह रावत एवं डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट ने शिक्षक की भूमिका, गुरु-शिष्य परंपरा तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान पर अपने विचार रखे। विशिष्ट आमंत्रित अतिथि श्रीमती सुमन लता भट्ट ने भी शिक्षक के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. प्रकाश चंद पंत ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माता होता है। उन्होंने भावी शिक्षकों से निष्ठा, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता अवस्थी, डॉ. अजय परमार एवं डॉ. विनय सेठी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




