Uncategorized

एसआईआर में लिंक डिलीट किए जाने की शिकायत पर विधायक शहजाद सख्त, एसडीएम से ली जानकारी

एसआईआर में लिंक डिलीट किए जाने की शिकायत पर विधायक शहजाद सख्त, एसडीएम से ली जानकारी

टांडा महतोली में जनसंपर्क के दौरान उठाया मामला, बोले—घर-घर में छेड़छाड़ की आशंका, किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

लक्सर। टांडा महतोली में जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विधायक मोहम्मद शहजाद ने एसआईआर प्रक्रिया में अधिकांश लिंक डिलीट किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से जानकारी ली। मामले को लेकर विधायक ने एसडीएम लक्सर अनिल शुक्ला से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी हासिल की और वस्तुस्थिति स्पष्ट करने को कहा।

विधायक मोहम्मद शहजाद ने बताया कि एसआईआर से संबंधित लिंक डिलीट किए जाने को लेकर उन्हें लगातार शिकायतें और आशंकाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच और वास्तविक स्थिति सामने आना बेहद जरूरी है। एसडीएम से बातचीत के दौरान अधिकारियों की ओर से मामले की जानकारी जुटाकर कल दोबारा विधायक को स्थिति से अवगत कराने की बात कही गई है।

विधायक ने कहा कि उन्हें आशंका है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान घर-घर के स्तर पर भी किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जा रही है। यदि ऐसा कुछ सामने आता है तो यह बेहद गंभीर मामला होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम, विवरण अथवा रिकॉर्ड प्रभावित नहीं होना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जानी चाहिए।

मोहम्मद शहजाद ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग करते हुए कहा कि जनता के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि वह पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए तथा आम लोगों की शिकायतों का गंभीरता से समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *