Uncategorized

हजारों मातृशक्ति ने मनाया ओमप्रकाश जमदग्नि का रक्षा सूत्र कार्यक्रम, सियासी ताकत का भी दिखा जोरदार प्रदर्शन

हजारों मातृशक्ति ने मनाया ओमप्रकाश जमदग्नि का रक्षा सूत्र कार्यक्रम, सियासी ताकत का भी दिखा जोरदार प्रदर्शन

लक्सर-हरिद्वार रोड स्थित जमदग्नि पब्लिक स्कूल में राज्य मंत्री व स्कूल प्रबंधक ओमप्रकाश जमदग्नि का रक्षा सूत्र कार्यक्रम भव्य और यादगार अंदाज में मनाया गया। समारोह में हजारों महिलाओं और मातृशक्ति ने भाग लेकर उन्हें भाई के रूप में स्नेह और आशीर्वाद दिया। बड़ी संख्या में भाजपा के प्रदेश और देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया।
कार्यक्रम में भाजपा कोर कमेटी की सदस्य सुधा यादव, शायर एवं लेखिका अनामिका अंबर तथा फिल्म निर्माता आरुषि निशंक सहित कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे। अनामिका अंबर द्वारा प्रस्तुत गीतों ने समारोह में समां बांध दिया और उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
रक्षा सूत्र कार्यक्रम समारोह में उमड़ी महिलाओं की भारी भीड़ को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि ओमप्रकाश जमदग्नि लक्सर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उनकी चुनावी दावेदारी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है, लेकिन समारोह में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी ने उनके राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया।
ओमप्रकाश जमदग्नि ने कार्यक्रम में पहुंची बहनों और मातृशक्ति को साड़ी, मिठाई और स्नेह भेंट कर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मातृशक्ति ने जिस आत्मीयता और प्रेम के साथ रक्षा सूत्र कार्यक्रम पर उन्हें आशीर्वाद दिया, वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।
समारोह में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को भी महत्वपूर्ण माना गया। कार्यक्रम ने जहां सामाजिक और पारिवारिक आयोजन का रूप लिया, वहीं हजारों लोगों की उपस्थिति ने इसे लक्सर क्षेत्र में शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी चर्चा का विषय बना दिया। रक्षा सूत्र कार्यक्रम समारोह के बहाने ओमप्रकाश जमदग्नि ने मातृशक्ति और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी मजबूत पकड़ का संदेश देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *