हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर विशेष प्रवर्तन अभियान, 40 से अधिक वाहनों के चालान एवं 10 से अधिक वाहन सीज
हरिद्वार, 20 अगस्त 2026: कांवड़ मेला 11 अगस्त को सकुशल संपन्न होने के उपरांत परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।

इसी क्रम में 20 अगस्त को हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के अभाव, वाहन की फिटनेस समाप्त होने तथा टैक्स संबंधी अनियमितताओं के विरुद्ध विशेष रूप से कार्रवाई की गई।

प्रवर्तन दल हरिद्वार द्वारा अभियान के दौरान 40 से अधिक वाहनों के चालान किए गए तथा 10 से अधिक वाहनों को सीज किया गया। विभाग द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा हरिद्वार पुलिस एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर कांवड़ मेला के दौरान यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था सहित विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया गया।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट प्रवर्तन कार्य के लिए देहरादून संभाग के अंतर्गत हरिद्वार प्रवर्तन दल एवं इंटरसेप्टर टीम द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया गया, जिसके लिए 15 अगस्त को आरटीओ प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना हेलमेट, बिना वैध DL, फिटनेस एवं टैक्स संबंधी अनियमितताओं सहित यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।




