चाइनीज मांझे ने युवक की गर्दन काटी, बाल-बाल बची जान
सुल्तानपुर से सामान लेकर लौट रहा था निहंदपुर निवासी नौशाद, चौकी में दी शिकायत
लक्सर प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सुल्तानपुर क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से निहंदपुर निवासी युवक नौशाद की गर्दन कट गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होने से बाल-बाल बचा।
बताया गया कि नौशाद सुल्तानपुर से सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आने से मांझा उसकी गर्दन में फंस गया और गर्दन कट गई। अचानक हुए हादसे से युवक घबरा गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की।
घटना से आक्रोशित नौशाद ने चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस चौकी सुल्तानपुर में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस-प्रशासन से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझा इंसानों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस से क्षेत्र में अभियान चलाकर इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है।




