Uncategorized

योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं : प्रो. डॉ. मोहम्मद यूसुफहाजी ममता हसन यूनानी आयुर्वेदिक पैरामेडिकल कॉलेज में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं : प्रो. डॉ. मोहम्मद यूसुफहाजी ममता हसन यूनानी आयुर्वेदिक पैरामेडिकल कॉलेज में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

लक्सर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हाजी ममता हसन यूनानी आयुर्वेदिक पैरामेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, लक्सर में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. मोहम्मद यूसुफ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं योगाभ्यास में प्रतिभाग करते हुए उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया। अपने संबोधन में प्रो. डॉ. यूसुफ ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की यह अनमोल धरोहर आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और मानसिक शांति का माध्यम बन चुकी है।उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़, तनाव और अनियमित दिनचर्या के बीच योग व्यक्ति को नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना ले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियों का प्रदर्शन कर उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं छात्राओं ने भी योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा शरीर निरोग और स्फूर्तिवान बना रहता है।योग सत्र के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्थान के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रहित, जनकल्याण एवं स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *