मुख्यमंत्री की नीतियों पर पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद का हमला, किसानों के हितों को लेकर आंदोलन की चेतावनी
लक्सर पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने प्रेस वार्ता कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की किसान संबंधी नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को किसान विरोधी बताते हुए किसानों के बिजली बिल माफी संबंधी दावों को मात्र दिखावा और डकोसला करार दिया।रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य कारणों से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन प्रभावित किसानों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाएं करने में व्यस्त है।उन्होंने कहा कि किसानों के नलकूपों और ट्यूबवेलों के बिजली बिल पूरी तरह माफ किए जाने चाहिए तथा कृषि कार्य के लिए निशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जानी चाहिए। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो मुख्यमंत्री को किसानों से वोट मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।पूर्व राज्य मंत्री ने किसानों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि फसल नुकसान का उचित मुआवजा, बिजली बिल माफी और अन्य किसान हितैषी मांगों को लेकर व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और कृषि क्षेत्र को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनकी उपेक्षा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी



