रमज़ान में राहत का पैग़ाम: ए ए एजुकेशनल सोसाइटी देवबंद ने सैकड़ों परिवारों तक पहुंचाईं राशन किटें सहारनपुर/देवबंदपवित्र रमज़ान के मुबारक अवसर पर “ए ए एजुकेशनल सोसाइटी” देवबंद ने जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाकर इंसानियत और भाईचारे की मिसाल पेश की। सोसाइटी की ओर से सैकड़ों राशन किटों का वितरण किया गया, जिनमें आटा, चावल, दाल, तेल सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल रही। वितरण के दौरान विशेष रूप से बेवा (विधवा) महिलाओं और यतीम (अनाथ) बच्चों को प्राथमिकता दी गई, ताकि वे रमज़ान के पवित्र दिनों में किसी प्रकार की आर्थिक तंगी का सामना न करें। सोसाइटी पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य रोज़ा और इबादत के लिए जरूरी सामान हर जरूरतमंद घर तक पहुंचाना है। स्थानीय लोगों ने इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सोसाइटी ने हमेशा समाज के कमजोर वर्ग के साथ खड़े होकर रमज़ान की बरकतों को साझा किया है। सोसाइटी के महासचिव उमर फारूक ने जानकारी दी कि संस्था समय-समय पर गरीब परिवारों की शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए कार्यक्रम चलाती रहती है। फील्ड वर्क के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का विवरण संकलित किया जाता है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाता है।




