Uncategorized

किसान आत्महत्या मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, किसान मजदूर संगठन ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन।

किसान आत्महत्या मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, किसान मजदूर संगठन ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन।
बहादराबाद 28 जनवरी ( महिपाल )
किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर किसान मजदूर संगठन सोसाइटी रजिस्टर्ड ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन के प्रदेश प्रभारी उत्तराखंड ब्रह्म सिंह धीमान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी तहसील रुड़की, जनपद हरिद्वार के माध्यम से उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसान सुखवंत सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें कठोर दंड दिलाया जाए। संगठन ने आरोप लगाया कि पीड़ित किसान को समय रहते न्याय और प्रशासनिक सहयोग नहीं मिला, जिसके चलते यह दुखद घटना घटित हुई। उन्होंने प्रशासन से इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र दंडित करने की मांग की।
संगठन के नेताओं ने यह भी आग्रह किया कि प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें, पारदर्शिता के साथ उनका निस्तारण करें और समयबद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक को इस प्रकार की पीड़ा का सामना न करना पड़े।
प्रदेश प्रभारी ब्रह्म सिंह धीमान ने कहा कि किसान समाज की रीढ़ हैं और यदि उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तो यह पूरे तंत्र पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र कुमार, प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट विपिन मित्तल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदपाल सैनी, रुड़की महानगर महामंत्री सतीश कुमार फौजी, प्रदेश संगठन मंत्री एडवोकेट रिशिपाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरविंद सैनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
ज्ञापन सौंपते समय उप जिलाधिकारी कार्यालय में शांतिपूर्ण माहौल रहा। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ज्ञापन को उच्चाधिकारियों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *