सफाई और सुविधाओं पर जावेद अली ने उठाए तीखे सवाल, पूछा- आखिर कब सुधरेंगी नगर की व्यवस्थाएं?कूड़ा, गंदगी, स्ट्रीट लाइट और पानी की समस्या को लेकर नगर पंचायत को घेरा
लक्सर सुल्तानपुर आदमपुर। नगर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर सुल्तानपुर सेवा समिति ने नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष सवाल खड़े किए। समिति अध्यक्ष एडवोकेट जावेद अली के नेतृत्व में ईओ को ज्ञापन सौंपकर कूड़ा निस्तारण, सफाई, दवा छिड़काव, स्ट्रीट लाइट और पानी की टंकी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
एडवोकेट जावेद अली ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब नगरवासियों से नगर की व्यवस्थाएं बेहतर होने की उम्मीद है तो फिर सफाई और कूड़ा निस्तारण जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को शिकायत लेकर अधिकारियों के दरवाजे तक क्यों पहुंचना पड़ रहा है? उन्होंने पूछा कि गलियों में नियमित सफाई और दवा छिड़काव की व्यवस्था की निगरानी आखिर कौन कर रहा है और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने में इतना समय क्यों लग रहा है।
उन्होंने कहा कि पानी की टंकी और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं नगरवासियों की जरूरत हैं, महज कागजी योजनाएं नहीं। यदि किसी वार्ड में लोग समस्या झेल रहे हैं तो नगर पंचायत को इसका स्वतः संज्ञान लेकर समाधान करना चाहिए। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से वार्डवार सफाई व्यवस्था की समीक्षा, नियमित कूड़ा उठान और खराब स्ट्रीट लाइटों को चिन्हित कर तत्काल ठीक कराने की मांग की।
एडवोकेट जावेद अली ने यह भी कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद नागरिकों को बेहतर व्यवस्थाओं की उम्मीद जगी थी। अब जरूरत इस बात की है कि विकास और सुविधाओं का असर धरातल पर भी दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।
ईओ ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कूड़ा निस्तारण, साफ-सफाई और गलियों में दवा छिड़काव की कार्रवाई तत्काल कराने की बात कही। वहीं पानी की टंकी और स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं पर विभागीय प्रक्रिया और उपलब्ध फंड के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में एडवोकेट मास्टर रमजान जख्मी, एडवोकेट अमरेज एडवोकेट ताहिर अली नौशाद अली, बंटी सहित समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।




