lहोली व रमजान को लेकर पुलिस अलर्ट, शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए SP सिटी ने ली गोष्ठी।हरिद्वार। आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर अभय सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में एक विस्तृत गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों ने प्रतिभाग किया।गोष्ठी के दौरान एसपी सिटी ने निर्देश दिए कि होली एवं रमजान के दौरान संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। इन इलाकों में नियमित गश्त के साथ-साथ फ्लैग मार्च भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक सूचनाएं या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान डीजे की तेज आवाज, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्ती से कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मस्जिदों, मंदिरों एवं अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।गोष्ठी में यह भी कहा गया कि शांति समिति की बैठकों के माध्यम से दोनों समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए, ताकि आपसी समन्वय और विश्वास मजबूत हो। किसी भी छोटी घटना को गंभीर होने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




