हरिद्वार लक्सर बाजार में एसडीएम व नगर पालिका प्रशासन का औचक निरीक्षण, सफाई अभियान चलाया
लक्सर।
आज रविवार के दिन लक्सर बाजार में लक्सर एसडीएम एवं नगर पालिका प्रशासन की टीम ने पहुंचकर बाजार की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। छुट्टी के दिन भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान चलाया गया, जिससे आमजन और व्यापारियों में सकारात्मक संदेश गया।
इस दौरान मौके पर पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज वर्मा ने एसडीएम को लक्सर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बाजार के मुख्य मार्ग के बीचोंबीच लगा खंभा लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खंभा हटाए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
इसके साथ ही मनोज वर्मा ने लक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकांश ट्रेनें लक्सर बायपास मार्ग से हरिद्वार की ओर निकल जाती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रेल अंडरपास का कार्य शुरू होने के बावजूद रोके जाने पर भी नाराजगी जताई गई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष के सवालों और समस्याओं पर एसडीएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि सभी समस्याओं को लिखित रूप में प्रशासन के पास भेजा जाए, उन पर गंभीरता से कार्य कराकर समाधान किया जाएगा।
इस मौके पर व्यापारियों में अतुल गुप्ता, पंकज गोयल, विजेंद्र पांचाल, सनी, जाहिद, मुकेश, गोपाल, लख्खी, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई।




