Uncategorized

हरिद्वार के इब्राहिमपुर गांव में सिग्नेचर इंटरप्राइजेज फैक्ट्री से निकल रहा जहरीला धुआं, ग्रामीणों में आक्रोश

हरिद्वार के इब्राहिमपुर गांव में सिग्नेचर इंटरप्राइजेज फैक्ट्री से निकल रहा जहरीला धुआं, ग्रामीणों में आक्रोश

हरिद्वार।
ग्राम इब्राहिमपुर, ब्लॉक बहादराबाद के सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरिद्वार को एक ज्ञापन सौंपकर गांव में स्थापित सिग्नेचर इंटरप्राइजेज फैक्ट्री से निकल रहे जहरीले धुएं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से प्रतिदिन भारी मात्रा में टायरों के जलने से दमघोंटू धुआं निकल रहा है, जिससे गांव का वातावरण दूषित हो गया है और लोगों में सांस की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री के आसपास के इलाकों में घरों की दीवारों पर काली कालिख जम गई है, जिससे हवा में ज़हरीले तत्वों की मौजूदगी का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टायरों के जलने से निकलने वाले कार्बन मोनोऑक्साइड, सल्फर ऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पॉलीसाइक्लिक हाइड्रोकार्बन जैसे खतरनाक रसायन वातावरण में फैल रहे हैं, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। स्थिति यह है कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं की वजह से बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं लगातार बीमार पड़ रहे हैं, वहीं खेतों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं।

गांव के निवेदकों साकिब, शकील, खालिद, समी, फहीम, आमाद, साजिद, रिहान, गुफरान, सैनीस, अशजद आदि ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सिग्नेचर इंटरप्राइजेज फैक्ट्री को तत्काल बंद कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव के लोग प्रदूषण से राहत पा सकें।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *