Uncategorized

सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों पर बैठक।


सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों पर बैठक।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के Fit India Movement के अंतर्गत आयोजित हो रहे “सांसद खेल महोत्सव-2025” को लेकर आज सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में युवा कल्याण, खेल, शिक्षा, पंचायत विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सांसद रावत ने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना जगाने का महाअभियान है। उन्होंने स्मरण कराया कि 29 अगस्त, मेजर ध्यानचंद की जयंती पर हरिद्वार से पंजीकरण अभियान की शुरुआत की गई थी।

21 सितम्बर से होगा आयोजन

कार्यक्रम न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर आयोजित होगा। इसमें अंडर-17 और 17+ कैटेगरी के महिला-पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। अब तक जिले से सैकड़ों खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। सांसद ने 20 सितम्बर तक हर विद्यालय और महाविद्यालय से कम से कम 10 प्रतिभागियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हरिद्वार जिले के लगभग 2400 विद्यालयों से सहभागिता का लक्ष्य तय किया गया है। खिलाड़ी sansadkhelmahotsav.in पोर्टल पर व्यक्तिगत और टीम दोनों रूपों में पंजीकरण कर सकते हैं।

स्थानीय खेलों को बढ़ावा

सांसद ने कहा कि महोत्सव में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, पिठ्ठू, फुटबॉल, रस्साकशी और एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताओं को विशेष बढ़ावा मिलेगा। उनका मानना है कि ये खेल न केवल शारीरिक सशक्तिकरण करते हैं, बल्कि युवाओं को टीम भावना और अनुशासन सिखाते हैं। इससे नशे की प्रवृत्ति से भी युवाओं को दूर रखने में मदद मिलेगी।

सफलता के लिए विभागों की जिम्मेदारी

सांसद रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए वर्चुअल माध्यमों से भी छात्रों को प्रेरित करें और अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका इस आयोजन की सफलता की कुंजी होगी।

राष्ट्र निर्माण की ओर कदम

रावत ने कहा, “यह महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि युवाओं में नई चेतना जगाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करेगा। यह प्रयास भारत की ओलंपिक भागीदारी को भी सशक्त करेगा और Fit India Movement को नई दिशा देगा।”

बैठक में विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, मेयर हरिद्वार किरण जैसल, मेयर रुड़की, प्रदेश मंत्री श्यामवीर सैनी, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरुंग सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *