Uncategorized

शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कोतवाली सिविल लाइन पहुंचकर किया खुलासा

शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कोतवाली सिविल लाइन पहुंचकर किया खुलासा

रुड़की, हरिद्वार। कोतवाली रुड़की पुलिस ने प्रोफेशनल अंदाज़ में कार्रवाई करते हुए नकबजनी की दो बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा किया है। ये घटनाएं शहर के ईमली रोड और शेरकोठी पठानपुरा इलाके की हैं, जहां अज्ञात चोरों ने घरों के ताले तोड़कर जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल तक चुरा ली थी। एसएसपी अजय सिंह डोबाल के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने इस केस में सराहनीय तत्परता और कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया।

पहली वारदात: ईमली रोड, रुड़की
पीड़ित शाहिद खान, निवासी ईमली रोड, ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी के घर गए हुए थे। उनकी गैरहाज़िरी में अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात, ₹6000 नगद और गेट के अंदर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली।

दूसरी वारदात: शेरकोठी पठानपुरा
दूसरे मामले में शेरकोठी पठानपुरा निवासी मोहतसीम के घर में चोरों ने धावा बोलते हुए ताले तोड़े और चांदी की ज्वेलरी, नकदी और घर में रखे चार मोबाइल फोन चुरा लिए।

इन दोनों मामलों में कोतवाली रुड़की में क्रमशः मु0अ0सं0 196/25 व 197/25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डोबाल ने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल से फोन पर वार्ता कर त्वरित खुलासे के निर्देश दिए।

तीन चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए छानबीन शुरू की और गहन प्रयासों के बाद तीन शातिर चोरों को नहर पटरी ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से ईमली रोड और पठानपुरा में की गई चोरी के जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में राहत का माहौल है। वहीं, अधिकारियों ने भी टीम की तत्परता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *