रुड़की के अर्पित कुमार ने सिविल सेवा में चयन होकर बढ़ाया नगर का मान, भव्य सम्मान समारोह का आयोजन
रुड़की। नगर के युवा अर्पित कुमार ने अपने कठिन परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) में शानदार सफलता प्राप्त की है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार का, बल्कि पूरे रुड़की नगर का गौरव भी बढ़ाया है। अर्पित की सफलता से नगरवासियों में खुशी की लहर है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी सुभाष नंबरदार, पूजा नंदा, पंकज नंदा, राजकुमार, बबलू सैनी, दिनेश कौशिक और सुजल कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अर्पित कुमार का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी सुभाष नंबरदार ने कहा कि अर्पित कुमार जैसे युवाओं की सफलता समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने कहा कि अर्पित ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
पूजा नंदा ने अर्पित को युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया और कहा कि उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। पंकज नंदा ने सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर अर्पित की मेहनत और समर्पण की सराहना की और कहा कि अर्पित ने रुड़की नगर का नाम गौरवान्वित किया है।
राजकुमार ने युवाओं से अर्पित से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और अपने लक्ष्यों के प्रति अडिग रहने की सलाह दी। वहीं, पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित दिनेश कौशिक ने अर्पित को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वह अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रशासनिक सेवा में देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।



