Uncategorized

हरिद्वार में मुठभेड़: पैरोल पर फरार उम्रकैद की सजा काट रहा बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा व फर्जी आईडी बरामद

हरिद्वार में मुठभेड़: पैरोल पर फरार उम्रकैद की सजा काट रहा बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा व फर्जी आईडी बरामद

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक फरार उम्रकैद का सजायाफ्ता बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 20/21 अप्रैल 2025 की रात करीब 1 बजे थानाध्यक्ष बहादराबाद पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। टीम जब बहादराबाद लोहे के पुल से होते हुए नहर पटरी मार्ग से रानीपुर झाल की ओर जा रही थी, तभी पुल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति सामने से आते दिखे। पुलिस को देखते ही उनमें से एक ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन की आड़ लेकर आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।

घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ विक्की राजपूत (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम मोखरा खेड़ी, थाना बहु अकबरपुर, जिला रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2007 में गांव के नसीब पुत्र गौरम की हत्या के मामले में वह व उसके भाई अशोक, कुलदीप, रमेश समेत दोषी पाए गए थे। सभी को उम्रकैद की सजा मिली थी। विनोद सितंबर 2023 में माता-पिता की देखभाल के लिए 21 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन वापस नहीं लौटा और फरार हो गया।

वह हरियाणा, दिल्ली व अन्य स्थानों पर पहचान बदलकर छिपता रहा और कुछ दिन पहले हरिद्वार आकर दौलतपुर गांव में रह रहा था। उसे शक हुआ कि पुलिस उसकी पहचान जान गई है, इसलिए उसने बचने के लिए फायरिंग की।

पुलिस ने मौके से एक देसी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो फर्जी आईडी बरामद की हैं। आरोपी पर पहले से हरियाणा के थाना बहु अकबरपुर में अपराध संख्या 225/2007, धारा 302, 201, 34 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है।

फरार साथी की तलाश जारी है। पुलिस अन्य जानकारियां जुटा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *