Uncategorized

मानकों को बच्चों तक पहुंचाना बेहद जरूरी: मदन कौशिक

मानकों को बच्चों तक पहुंचाना बेहद जरूरी: मदन कौशिक

हरिद्वार। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा आयोजित “मानकों के माध्यम से विज्ञान सीखना” कार्यशाला का शुभारंभ भूपतवाला स्थित एक निजी होटल में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने कहा कि मानकों की जानकारी बच्चों तक पहुंचाने में शिक्षकों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं शिक्षकों को नई जानकारी प्रदान करती हैं, जिसे वे अपने विद्यालयों में बच्चों तक पहुंचा सकते हैं।

कौशिक ने भारतीय मानक ब्यूरो के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बीआईएस विभिन्न वस्तुओं को प्रमाणित करने की जिम्मेदारी निभा रहा है, जो देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे कार्यशाला में सीखी गई बातों को विद्यार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं।

बीआईएस देहरादून शाखा के निदेशक सौरभ तिवारी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य मानकों में निहित विज्ञान का सार विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों को मानकों के निर्माण प्रक्रिया में शामिल करने के लिए स्कूलों में स्टैंडर्ड क्लब संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यशाला में हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग और सिरमौर जिलों के 80 से अधिक शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम में बीआईएस के वैज्ञानिक सचिन चौधरी, रिसोर्स पर्सन अनन्त भास्कर और डॉ. मनीषा गर्ग ने बीआईएस की गतिविधियों और स्टैंडर्ड क्लब की उपयोगिता पर प्रेजेंटेशन दिया।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा तैयार किए गए 52 लेसन प्लान भी प्रदान किए गए। इन लेसन प्लान के जरिए शिक्षक अपने विद्यालयों में बच्चों को विज्ञान के साथ मानकों की जानकारी दे सकेंगे।

कार्यशाला में शामिल शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की और इसे बच्चों की शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *