Uncategorized

रुड़की में 12.11 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल रियाज अली की अहम भूमिका

रुड़की में 12.11 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल रियाज अली की अहम भूमिका

एनटीएफ और रुड़की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

रुड़की जनपद हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस और एनटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 12.11 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एनटीएफ के हेड कांस्टेबल रियाज अली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को टीम लालकुर्ती और ढंडेरा फाटक होते हुए गोल भट्टा की ओर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने जेब से कोई वस्तु निकालकर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.11 ग्राम स्मैक बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ के स्मैक होने की पुष्टि हुई।

हेड कांस्टेबल रियाज अली की भूमिका रही अहम

नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई में एनटीएफ के हेड कांस्टेबल रियाज अली सहित नीतुल यादव, रणजीत सिंह सिद्धू और महिला कांस्टेबल दीपा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कोतवाली रुड़की पुलिस की टीम ने भी कार्रवाई को अंजाम देने में सक्रियता दिखाई। संयुक्त टीम की सतर्कता के चलते आरोपी को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।

फुटकर में स्मैक बेचने की बात आई सामने

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने फुटकर में स्मैक बेचने की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान एक कथित सप्लायर के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब संबंधित सप्लायर की तलाश में जुटी है, ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश पुत्र लालचंद, निवासी गोल भट्टा, मिलापनगर, ढंडेरा, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार, उम्र 52 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

ये रहे कार्रवाई में शामिल

कोतवाली रुड़की पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल अनिल, कांस्टेबल गुलबहार और महिला कांस्टेबल स्वीटी सहित एनटीएफ के हेड कांस्टेबल रियाज अली, नीतुल यादव, रणजीत सिंह सिद्धू और महिला कांस्टेबल दीपा की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *